राजौरी गार्डन इलाके में शुक्रवार देर रात दो कारों पर सवार छह बदमाशों ने एक कारोबारी के साथ मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। भागने के दौरान बदमाश कारोबारी की कार का चाबी भी साथ ले गये। पीड़ित की शिकायत पर राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने डकैती का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राजन भरारा(40) सपरिवार कीर्ति नगर इलाके में रहता है। उसका निजी कारोबार है। शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे वह अपनी आईटेन कार से घर आ रहा था। मायापुरी फ्लाई ओवर के पास एक आई20 और स्विफ्ट कार ने ओवरटेक कर राजन की कार को रोकने का प्रयास किया। कार नहीं रोकने पर स्विफ्ट कार पर सवार बदमाशों ने उसकी कार को दबाने की कोशिश की।
राजन ने अपनी कार रोक दी। स्विफ्ट कार में सवार चार बदमाश कार से नीचे उतर कर उसके पास आए। गलत तरीके से कार चलाने का आरोप लगाकर बदमाशों ने राजन को कार से बाहर खींच लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान आई20 कार से दो बदमाश उसके पास आए और राजन को उठाकर पटक दिया। उसके बाद सभी बदमाश अपनी कारों पर सवार होकर फरार हो गये।
बदमाशों के भागने के बाद जख्मी राजन अपनी कार में आकर बैठा। उसने देखा कि कार के सीट पर रखा बैग जिसमें डेढ़ लाख रुपये, दो कीमती मोबाइल फोन और कार की चाबी गायब है। राजन राजौरी गार्डन थाना पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने राजन का मेडिकल करवाया और फिर उसके बयान पर डकैती का मामला दर्ज कर लिया। पीड़ित ने पुलिस को बदमाशों का हुलिया बताया है। साथ ही उसने कार के नंबर के कुछ डिजिट बताए हैं। पुलिस बताए हुलिए और कार नंबर के जरिए आरोपियों कर पहचान करने में जुटी है।