दिल्ली के मयूर विहार इलाके में मथुरा के चांदी कारोबारी से पुलिस की वर्दी पहने कुछ बदमाशों ने 70 किलो चांदी व उनकी होंडा सिटी कार लूट ली। बदमाशों ने कार के कागज पूरे न होने की बात कहकर पीड़ितों को थाने चलने के लिए कहा था। अक्षरधाम मंदिर के पास बदमाशों ने तमंचा दिखाकर पीड़ितों से उनके तीन मोबाइल फोन भी लूट लिए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने राहगीर के फोन से मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है। मयूर विहार थाना पुलिस नोएडा लिंक रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सौरव खंडेलवाल (28) परिवार के साथ 1296, शाहगंज दरवाजा, मथुरा में रहते हैं। वह चांदी का कारोबार करते हैं। शनिवार सुबह सौरव को चांदी बेचने के लिए दिल्ली के कूचा महाजनी आना था। सौरव अपने चाचा मुकेश खंडेलवाल व कर्मचारी रवि के साथ अपनी होंडा सिटी कार से दिल्ली के लिए निकले थे।
सुबह करीब 8:30 बजे तीनों जैसे ही नोएडा लिंक रोड पर मयूर विहार फ्लाईओवर पर पहुंचे, अचानक एक मारुति अर्टिगा कार ने ओवरटेक कर इनकी कार को रुकवा लिया। अर्टिगा से पुलिस की वर्दी पहने दो बदमाश व एक अन्य युवक उतरे। तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कार के कागजात मांगे व पूछताछ करने लगे। कागजात में कमी निकालकर बदमाशों ने तीनों से थाने चलने के लिए कहा।
बदमाशों ने रवि को अपनी कार में बिठा लिया। आरोपियों ने अक्षरधाम मंदिर के पास पहुंचकर पीड़ितों की कार रुकवा ली। इसी बीच एक बदमाशों ने तमंचा निकालकर सौरव और मुकेश को उनकी कार से उतार दिया। इधर रवि को भी अपनी कार से उतार दिया। बदमाशों ने तीनों से मोबाइल लिए। बाद में चांदी समेत वह उनकी कार लेकर फरार हो गए।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस तीनों पीड़ितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।