द्वारका नार्थ थाना पुलिस ने एक ऐसे कथा वाचक को गिरफ्तार किया है जो लोगों को धर्म की शिक्षा देता था, लेकिन खुद वाहन चोरी की वारदात में लिप्त था। पुलिस ने उसके सहयोगी ढोल वादक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर आठ मोटर साइकिल जब्त कर नौ मामले को सुलझाने का दावा किया है।
जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि 14 नवंबर को पुलिस की टीम ककरौला रोड स्थित महिला पार्क के पास वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका। जांच करने पर पता चला कि बाइक उत्तम नगर इलाके से चुराई गई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मथुरा के पालसो गांव निवासी रामकुमार उर्फ राम (24) और मूलत: अलीगढ़ के रहने वाले हरीश (23) के रूप में हुई।
पूछताछ में इन लोगों ने वाहन चोरी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इनके निशानदेही पर सात अन्य बाइक बरामद कर ली। रामकुमार ने बताया कि वह दिल्ली में कथा वाचक का काम करता था। जल्द व आसानी से रुपये कमाने के लिए वह वाहनों की चोरी करने लगा। इन वाहनों को वह उत्तर प्रदेश के कोसीकलां इलाके में बेच देता था। इससे उसे काफी मुनाफा होता था। वाहन चोरी में वह किशोरों की मदद भी लेता था।