सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित यूनिटेक होरीजन सोसायटी में पांच महीने का कुत्ता संदिग्ध हालात में मरा पाया गया। मामले में मेनका गांधी की संस्था की सदस्य कावेरी राणा भारद्वाज ने दंपति समेत तीन पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि कुत्ता जहर देने से मरा है। सेक्टर ओमीक्रान-2 निवासी कावेरी राणा भारद्वाज ने सूरजपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यूनिटेक होरीजन सोसायटी निवासी सीबा ईमाम के घर में पांच महीने का कुत्ता रहता था। रविवार सुबह उसका शव सोसायटी में पड़ा मिला। उसकी नाक से खून निकल रहा था।
कावेरी राणा भारद्वाज ने कुत्ते को जहर देकर मारने का आरोप लगा सोसायटी निवासी दीपा, उनके पति व एक अन्य व्यक्ति पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि दीपा के खिलाफ कुछ माह पहले कुत्ते को मारने की धमकी देने का मामला सामने आ चुका है। वहीं, तरुण नाम के व्यक्ति के कुत्तों को लात मारने की सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी पंकज राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर पशु क्रूरता अधिनियम आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।