दिल्ली-गुडग़ांव एक्सप्रेस वे पर शनिवार दोपहर अनियंत्रित वरना कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।
मोहम्मदपुर का रहने वाला एक युवक अपनी नई वरना कार लेकर राजीव चौक की ओर आ रहा था। पुलिस के अनुसार कार की गति अधिक होने के कारण राज नगर मोड पर पहले कार ने एक बाइक में टक्कर मारी। जिसके बाद डिवाइडर से टकरा कर आगे जा पलटी।
बाइक सवार महिला मीना को गंभीर चोट आई है। उसका दाहिना पैर में चोट आई है। जिसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वह हसनपुर की रहने वाली है। अपने पति के साथ गुडग़ांव की ओर आ रही थी। वाहन दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस वे पर गुजरने वालों की भीड़ लग गई। लोग वहां खड़े होकर वाहन दुर्घटना देखने लगे। जिसके चलते जाम भी लगा।
खाड़सा रोड चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर वाहनों को किनारे कराया। खाड़सा रोड चौकी पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही पुलिस को घायल महिला का बयान आने का इंतजार है।
कार-बाइक की टक्कर में दो घायल
तावड़ू के हसनपुर-पाड़ा सड़क पर अज्ञात कार चालक ने एक मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित विजय कुमार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
विजय ने पुलिस को बताया कि वह कंट्री क्लब में वेटर की नौकरी करता है। 24 मार्च को उसका पुत्र रंजन कुमार व शंभू कंट्री क्लब से अपनी बाइक से हसनपुर की तरफ जा रहे थे।
हसनपुर की तरफ से एक तेज रफ्तार कार ने मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों युवक घायल हो गये। जिन्हें मानेसर के राकलेण्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।