नोएडा सेक्टर-44 में रविवार देर रात तेज रफ्तार कार ने तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे विवेक कुमार (21) की मौत हो गई। दो युवक घायल हैं, जिन्हें प्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त दो युवक बाइक रोककर एक अन्य युवक से बात कर रहे थे।
रविवार देर रात हुए इस हादसे में सोमवार की रात तक कई तरह के पेच सामने आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त एक युवती कार चला रही थी। घटना के बाद युवती और कार सवार दो युवकों ने गाड़ी वहीं छोड़ी और ऑटो पकड़कर फरार हो गए। तीनों नशे में धुत थे।
गाड़ी पर उत्तराखंड का नंबर है। इधर पुलिस इस मामले में नपे-तुले जवाब देती रही। सोमवार शाम एक शख्स खुद को कार का ड्राइवर बताकर सेक्टर-39 थाने पहुंच गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक ,मुरादाबाद निवासी अनिकेत गहलोत और विवेक रविवार देर रात बाइक से छलेरा जा रहे थे।
इस दौरान छलेरा के मेन डीएसई रोड पर उन्हें मुरादाबाद का ही अनुज कुमार मिल गया। सड़क किनारे बाइक रोककर दोनों अनुज से बातें करने लगे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार फोर्ड एंडिवर ने तीनों को टक्कर मार दी।
लड़की को बचाने की कवायद
फोर्ड एंडिवर कार से हुए हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के वक्त युवती चालक सीट पर बैठी थी। एक युवक उसके बराबर वाली सीट पर, जबकि दूसरा पीछे बैठा था। युवती ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद लोग घायलों को बचाने दौड़े, इसी बीच नशे में धुत युवक व युवती एक ऑटो में बैठकर फरार हो गए। जाते-जाते युवक बुदबुदा रहे थे कि आज का तो दिन ही खराब है। जिस जगह से चले थे, रास्ते में भी एक दो वाहन टकराने से बचे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को जब्त कर लिया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हादसे में घायल तीनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां विवेक की मौत हो गई। अनिकेत और अनुज का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि निजी कंपनी में काम करने वाला विवेक छलेरा में किराये के मकान में रहता था। अनुज भी छलेरा में ही रहता है।
बीबीए की छात्रा है युवती
सूत्रों के मुताबिक कार में एक युवती और दो युवक सवार थे। ग्रेनो में एक पार्टी में शामिल होने के बाद तीनों सेक्टर-18 होते हुए जा रहे थे। दोनों युवक एक निजी यूनिवर्सिटी में बीबीए के स्टूडेंट हैं। कार का मालिक उत्तराखंड का एक बिजनेसमैन है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।
सीओ-प्रथम शिवराम यादव का कहना है कि कार में ड्राइवर सहित तीन लोग सवार थे। लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए टक्कर मारने के आरोप में कार ड्राइवर नवीन जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को पता है कि हादसे के वक्त कार में कौन लोग सवार थे। रात में ही ऊंची पहुंच वालों के फोन पुलिस अफसरों के पास आने लगे थे।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक की मौत
नोएडा सेक्टर-39 थाने के सेक्टर-126 में रविवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक बिहार निवासी बालकिशन रविवार रात सड़क पार कर रहा था। तभी एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस का कहना है कि बालकिशन नशा करता था। उसके पास कोई काम नहीं था। उसके स्थानीय पते को भी पुलिस नहीं ढूंढ पाई।