नोएडा सेक्टर-17 में कैब ड्राइवर ने मंगलवार शाम अर्द्ध सरकारी कपंनी की महिला अधिकारी के घर में घुसकर शादी का प्रस्ताव रख दिया। इस पर महिला और उसके पति ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि कैब चालक आठ माह से महिला अधिकारी का पीछा कर रहा था।
थाना सेक्टर-20 पुलिस ने छेड़छाड़ और पीछा करने की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार महिला फरीदाबाद की एक कंपनी में अधिकारी है। उन्हें कंपनी की तरफ से नोएडा के सेक्टर-17 में फ्लैट मिला है।
महिला अधिकारी ने पुलिस को बताया कि वृंदा कांप्लेक्स, पुराना फरीदाबाद निवासी शैलेंद्र शुक्ला कंपनी की कैब चलाता था। वह ऑफिस के बाहर उससे छेड़छाड़ और अश्लील कमेंट करता था। शादी करने का प्रस्ताव भी रखता था। जानकारी मिलने के बाद कंपनी ने कैब चालक को निकाल दिया था।
आरोप है कि पिछले माह शैलेंद्र ने शादी न करने पर महिला अधिकारी को बर्बाद करने की धमकी दी। मंगलवार देर शाम शैलेंद्र महिला अधिकारी का पीछा करते हुए उनके घर आ धमका और छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने पति को बुला लिया। दपंति ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दे दी।