बेगमपुर इलाके में एक कारोबारी की कार से बदमाशों ने लाखों रुपये उड़ा लिये। कारोबारी घटना के समय एक फार्म हाउस पर दोस्त की सगाई समारोह में शामिल होने गया था। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हेमंत कुमार(28) सपरिवार शाहबाद डेयरी इलाके में रहता है। उसका निजी कारोबार है। सोमवार को हेमंत के दोस्त आलेख की बेगमपुर स्थित एक फार्म हाउस में सगाई थी। समारोह में शामिल होने के लिए हेमंत अपनी कार से रामा विहार के डी ब्लॉक पहुंचा। गार्ड ने उसे कार को पार्क करने के लिए कहा। फार्म हाउस के बाहर कार को पार्क करने के बाद वह समारोह में शामिल होने चला गया।
कार्यक्रम के बाद रात करीब पौने दो बजे वह अपनी कार के पास पहुंचा। कार के सामने व साइड का शीशा टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि कार से रुपयों का बैग गायब है। जिसमें उसने पांच लाख रुपये रखे थे।
हेमंत ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।