ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र की खेरली नहर मोड़ पर खड़ी पीसीआर पर तैनात सिपाही और चालक के साथ मारपीट की गई। मारपीट करने वाला युवक बसपा नेता के बेटा है।
पीड़ितों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत कई धाराओं में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर चौकी पर तैनात कांस्टेबल जितेंद्र कुमार शनिवार को पीसीआर-70 पर तैनात था और नीरज भाटी उस पर चालक था। शनिवार दोपहर खेरली नहर मोड़ पर वे गश्त कर रहे थे।
उसी दौरान एक बाइक कासना की ओर से आई जिस पर देवटा गांव के दो युवक सवार थे। खेरली मोड़ से चंद कदम दूरी पर वे रुके और किसी बात पर आपस में भिड़ गए।
घटना की जानकारी पीसीआर कर्मियों को मिली तो वे भी मौके पर पहुंचे और मारपीट करने वाले युवकों को छुड़ाया। लेकिन दोनों युवकों ने जितेंद्र और नीरज से अभद्रता करते हुए हाथापाई करने लगे। दोनों आरोपियों को पीसीआर कर्मियों ने पकड़ लिया। इसके बाद उक्त युवकों ने देवटा निवासी अपने मित्र और बसपा नेता के पुत्र दीपक को फोन पर जानकारी दी।
आरोप है कि दीपक अपने कई दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा और सिपाही और चालक से मारपीट करने लगा। दोनों ने भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को मैसेज दिया। लेकिन जब तक पुलिस पहुंचती सभी आरोपी भाग खड़े हुए। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारियों की तहरीर पर बसपा नेता के बेटे समेत चार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।