बाईपास रोड पर बड़ौली पुल के पास स्थित नवीन फ्यूल्स के मैनेजर से 1.53 लाख रुपये की लूट, पंप के पूर्व बाउंसर यशपाल ने करवाई थी। 16 अप्रैल की रात हुई लूट यशपाल की बुआ के बेटे सुमित, साथी दीपक और सलमान ने की थी।
सीआईए डीएलएफ ने वारदात का खुलासा करते हुए लूट में शामिल सलमान और दीपक को गिरफ्तार किया है, सुमित लूट के एक मामले में हाथरस(यूपी) में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस उसे प्रोडक्शन रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। वारदात का मास्टरमाइंड यशपाल अभी फरार है।
मालूम हो कि 16 अप्रेल 2017 की रात दो हथियारबंद बदमाशों ने नवीन फ्यूल्स के असिस्टेंट मैनेजर जीतेंद्र को उस समय लूट लिया था जब वह दिन भर का कैश कलेक्शन लेकर कार्यालय में रखने जा रहा था।
पुलिया की तरफ से पैदल आए दो बदमाशों ने जीतेंद्र को लात मार कर गिरा दिया और 1.52 लाख रुपयों से भरा झोला छीनने लगे थे। जीतेंद्र ने विरोध करने के साथ ही मदद की आवाज लगाई थी। पेट्रोल पंप के कर्मचारी मदद के लिए दौड़े तो बदमाशों ने गोली चला दी थी।
जान जाने के डर से भी कर्मचारी इधर उधर हो गए, बदमाशों जीतेंद्र का फोन और 1.52 लाख रुपयों से भरा बैग झपट लिया था। इस दौरान तीसरा बदमाश बल्लभगढ़ की ओर से बाइक पर आया, दोनों उसकी बाइक पर सवार होकर बड़ौली पुल की ओर भाग निकले थे।
डीएलएफ क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन ने बताया कि जांच में पता चला कि पेट्रोल पंप पर बाउंसर के रूप में तैनात रहे फरीदपुर के यशपाल ने चंद सप्ताह पहले ही नौकरी छोड़ी है। पुलिस ने यशपाल की तलाश की तो वह फरार था।
शक के आधार पर पुलिस ने यशपाल के करीबी दोस्तों पर नजर रखना शुरू की। पता चला यशपाल की बुआ के बेटे सुमित को वाहन लूट के आरोप में यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि पंप लूट में फरीदपुर निवासी सलमान और दीपक निवासी शाहाबाद शामिल थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को मंगलवार रात बाईपास रोड पर सेक्टर 29 के पास से गिरफ्तार किया।
तीस लाख रुपये तक हाथ लगने की थी उम्मीद
पूछताछ में दोनों ने बताया कि लूट का मास्टरमाइंड यशपाल था। उसने बुआ के बेटे सुमित को बताया था कि रविवार को पंप का पूरा कैश कलेक्ट होता है, यह रकम करीब तीस लाख रुपये होती है। पहचान होने की वजह से यशपाल लूट में शामिल नहीं हुआ।
16 अप्रैल को रविवार था, सुमित, दीपक और सलमान तीनों ही बड़ौली पुल के पास शाम सात बजे के करीब इकट्ठा होकर मौके की ताक में लग गए थे। रात 9:40 बजे जीतेंद्र पंप से रुपये लेकर सड़क पार कार्यालय की ओर जाने लगा तभी सलमान और दीपक ने उस पर हमला कर दिया था। दोनों ने बताया कि उन्हें तीस लाख रुपये तक मिलने की उम्मीद थी।
लूट की राशि आपस में बांटी
दीपक ने बताया कि लूट में मिली रकम चारों में बराबर बांट ली गई थी। क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन ने बताया कि लूट के दौरान इस्तेमाल किया गया तमंचा अभी बरामद किया जाना है, अदालत से रिमांड पर लेने के बाद तमंचा बरामद किया जाएगा। सुमित को यूपी पुलिस से प्रोडक्शन रिमांड पर मांगा जाएगा जबकि यशपाल को खोजा जा रहा है।