आयकर अधिकारी बनकर एक महिला अधिकारी के खाते में रुपये का अधिक लेन-देन का मामला बताकर एक धोखेबाज ने खाते की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपी ने 17 हजार रुपये निकाल लिए। मामले की शिकायत पीड़िता ने सेक्टर-58 कोतवाली में की है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता करुणा गाजियाबाद के वैशाली में रहती हैं और नोएडा के सेक्टर-56 स्थित एक स्कूल में कार्यरत है। नोएडा में ही उनका एक बैंक में खाता है।
पीड़िता का आरोप है कि सोमवार को एक व्यक्ति ने उनके पति के फोन कर कॉल किया और करुणा के खाते में अधिक लेन-देन होने की बात कही। इस पर अविलंब बात कराने के लिए कहा नहीं तो सिस्टम से नोटिस जारी करने की चेतावनी दे दी।
महिला के पति ने नोटिस से बचने के लिए मोबाइल कांफ्रेंस से ही बात कराई तो आरोपी ने बैंक खाते से संबंधित जानकारी हासिल कर ली। कुछ देर बाद पीड़िता के पास मैसेज आया तो पता चला कि उनके खाते से कई बार में 17 हजार रुपये की निकाल लिए गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत सेक्टर-58 में की है।