गोलीबारी में घायल युवक निजी अस्पताल में उपचाराधीन, पूछताछ करते पुलिस
- फोटो : सुदर्शन झा
बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार सुबह ओल्ड दिल्ली रोड पर एक युवक को एक साथी के साथ रोड पार करते समय गोली मार दी। बदमाशों ने यहां पांच राउंड फायरिंग की। जिसमें से युवक को दो गोलियां लगी हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पालम विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार डूंडाहेड़ा निवासी 24 वर्षीय योगेश अपने दोस्त मनीष उर्फ गोगा के साथ गाड़ी से ओल्ड दिल्ली रोड स्थित यूनिटेक बिल्डिंग के पास पहुंचे।
यहां उन्होंने अपनी गाड़ी साइड में लगा दी और उतरकर सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर आए तीन युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यह फायरिंग मनीष उर्फ गोगा पर की गई थी, लेकिन इसकी चपेट में साथी योगेश आ गया और उसके पैर में गोली लगी है।
यहां किए गए पांच राउंड फायर में से दो गोली योगेश को लगी है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पालम विहार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को पालम विहार स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मनीष उर्फ गोगा पर हत्या का मामला दर्ज है, जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
इस मामले में वह जमानत पर रिहा है। सूत्रों की मानें तो इसमें पुरानी रंजिश के साथ-साथ गैंगवार की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस प्रवक्ता रविन्द्र कुमार का कहना है कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की बात तो प्रारंभिक जांच में सामने आ चुकी है, लेकिन आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। इस मामले में पालम विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी देखा जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।