बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री महेश्वर हजारी की बेटी जूही हजारी से स्कूटी सवार बदमाशों ने आईफोन लूट लिया। वारदात बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे संतोष मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल के बाहर हुई।
जूही संतोष मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। जूही ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दी है। अधिकारियों ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
सीओ फर्स्ट इंदर पाल सिंह के मुताबिक, समस्तीपुर (बिहार) निवासी जूही के पिता महेश्वर हजारी बिहार सरकार में शहरी विकास मंत्री हैं।
जूही प्रताप विहार में कॉलेज के हॉस्टल में रहकर एमबीबीएस के साथ पुराना बस अड्डा स्थित संतोष मेडिकल अस्पताल से इंटरनशिप कर रही हैं। वह बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे अस्पताल से ऑटो में हॉस्टल आईं।
ऑटो से उतरकर मोबाइल पर बात करते हुए वह पैदल ही हॉस्टल जा रही थीं। इसी दौरान राहुल विहार की ओर से आए स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया।
जूही ने शोर मचाया और बदमाशों के पीछे भागी। राहगीरों के अलावा हॉस्टल का गेटमैन भी बाहर की ओर भागा, लेकिन तब तक बदमाश मिर्जापुर की ओर भाग चुके थे।
जूही ने घटना की शिकायत कंट्रोल रूम में की। एसपी सिटी सलमान ताज, सीओ इंदरपाल सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया, जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली
पुलिस ने मेडिकल चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली है। वहीं, घटनास्थल के पास ही लगा एक कैमरा खराब मिला।
ब्वॉयज हॉस्टल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ संदिग्धों की फुटेज है, पुलिस उनके बार में जानकारी जुटा रही है।
18 से 22 साल की उम्र के थे लुटेरे
जूही ने पुलिस को बताया कि जिन लुटेरों ने वारदात की है, उनकी उम्र 18 से 22 साल के बीच थी।
जेल से छूटे स्नैचर्स पर कसा शिकंजा
सीओ प्रथम इंदरपाल सिंह ने बताया कि हाल ही में जेल से छूटे स्नैचर्स पर शिकंजा कसा गया है, वारदात के वक्त स्नैचर्स की लोकेशन कहां थी, इसकी जांच की जा रही है।
अंदेशा है कि स्नैचर्स आसपास के ही रहने वाले हैं, जिन्होंने वारदात की है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस दबिश भी दे रही है।
पहले भी हुईं वारदात...पुलिस रहती है गायब
मेडिकल चौराहे पर संतोष मेडिकल कॉलेज की छात्राओं के साथ स्नैचिंग की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, पुलिस मेडिकल चौराहे पर ही चेकिंग अभियान भी चलाने का दावा करती है।
बृहस्पतिवार को जिस वक्त वारदात हुई, पुलिसकर्मी गायब दिखे। लोगों का कहना कि पुलिस चेकिंग के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करती है।