नोटबदली कांड में पकड़े गए बैंक मैनेजर्स
- फोटो : अमर उजाला
बोगस बैंक खातों के जरिये 40 करोड़ के पुराने नोट बदलने के मामले में आरोपी एक्सिस बैंक मैनेजर विनीत गुप्ता व मास्टर माइंड सीए राजीव सिंह कुशवाहा को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आरोपियों को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया। मामले में तीसरा आरोपी मैनेजर शोभित सिन्हा पहले से ही 26 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में है।
तीस हजारी स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विमल कुमार यादव ने ईडी के आग्रह पर विनीत और राजीव को 26 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। ईडी के अधिवक्ता विकास गर्ग ने कोर्ट को बताया कि आरोपियों से पूछताछ हो चुकी है। मामले में गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
जरूरत हुई तो दोबारा इन्हें रिमांड लिया जाएगा। ईडी के अधिवक्ता ने कहा कि बैंक के सीसीटीवी कैमरे की क्लोन (कॉपी) सीडी मिल चुकी है और उससे संबंधित पूछताछ भी आरोपियों से की जा चुकी है। मामले में विनीत को 10 दिन और राजीव को सात दिन की रिमांड पर लिया जा चुका है। वहीं, शोभित को भी ईडी ने सात दिन की रिमांड पर लिया था।
10 से 22 नवंबर के बीच तीन बोगस कंपनियों के खातों में जमा करवाए करोड़ों
नोटबदली कांड में पकड़े गए बैंक मैनेजर्स
- फोटो : अमर उजाला
ईडी का आरोप है कि राजीव ने बैंक मैनेजर विनीत और शोभित की मिलीभगत से 10 से 22 नवंबर के बीच तीन बोगस कंपनियों के खातों में 40 करोड़ रुपये जमा करवाए। इसके बाद यह पैसा चौथी कंपनी बीगल के खाते में जमा करवाया गया और उस पैसे से बड़े सराफा कारोबारियों से सोने की ईंटें खरीदी गईं।
ईडी ने कहा कि यह काम करवाने के लिए बैंक मैनेजरों को एक-एक प्रतिशत कमीशन दिया जाना था, जिसके लिए इन्हें सोने की ईंट दी गई। इनमें से एक ईंट की बरामदगी शोभित करवा चुका है।
शोभित और मोहित ने अपने बयान में विनीत को भी सोने की ईंट दिए जाने की बात स्वीकार की है। एजेंसी के मुताबिक, मामले में 12 लोगों व हिमालया इंटरनेशनल, आरडी ट्रेडर्स, सनराइज ट्रेडिंग कंपनी और बीगल इंडिया नामक बोगस कंपनियों के नाम सामने आए हैं।
गौरतलब है कि कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने मामले में तीन लोगों मोहित गर्ग, देवेंद्र व राजकुमार झा को 3.7 करोड़ के पुराने नोटों के साथ एक्सिस बैंक की कश्मीरी गेट शाखा के पास एक कार से 29 नवंबर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इन लोगों को नोटों के साथ आयकर विभाग को सौंप दिया था। इसके बाद ईडी ने रिपोर्ट दर्ज कर विनीत व शोभित को 4 दिसंबर को गिरफ्तार किया था।