सेक्टर 55 थानाक्षेत्र से सवारी बन कर चढ़े तीन बदमाशों ने चालक को पीटकर ऑटो लूट लिया। उधर, पुलिस ने घटना दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। मूलरूप से भरतपुर (राजस्थान) का रहने वाला ऑटो चालक शकील बल्लभगढ़ की अज्जी कॉलोनी में किराए पर रहता है।
सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह ऑटो लेकर घर लौट रहा था। सेक्टर 55 मोड़ के पास दो युवक ऑटो पर सवार हो गए। कुछ दूर चलने पर एक और युवक सवारी बनकर उसके ऑटो पर सवार हो गया। सेक्टर 25 स्थित हनुमान मंदिर के पास तीनों ने उसे ऑटो रोकने को कहा।
रुकते ही तीनों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। पीटने के बाद उसे धक्का देकर ऑटो से बाहर गिरा दिया और ऑटो लेकर फरार हो गए। शकील ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ऑटो और बदमाशों को तलाश करने का प्रयास किया।
पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया। सेक्टर 55 थाने के एएसआई देवदत्त ने बताया कि तीनों बदमाश 20-22 साल की उम्र के बताए जा रहे हैं, उनकी तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा।