एटीएम बदलकर धोखाधड़ी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस इन घटनाओं में मामला तो दर्ज कर लेती है, लेकिन आरोपियों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। रविवार को राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि एक युवक ने उनसे देखने के बहाने एटीएम लिया और बदलकर उसे वापस कर दिया। दोपहर को जब उनके पास रुपये निकालने का मैसेज आया तो उन्हें पता लगा। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से गांव मंझोली उत्तर प्रदेश निवासी बृजभूषण चौहान राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र के रतन विहार में रहते हैं। वे मारुति सुजुकी मानेसर में नौकरी करते हैं। शनिवार को वे अपने एसबीआई बैंक खाते से एटीएम के माध्यम से रुपये निकालने के लिए वीजीआर शॉपिंग कॉम्पलेक्स के पास आईसीआईसीआई बैंक एटीम से रुपये निकालने गए थे।
जब उन्होंने एटीएम से 10 हजार रुपये निकाले तो उस वक्त वहां करीब 30 वर्षीय युवक खड़ा था। रुपये निकालने के दौरान युवक ने उससे एटीएम कार्ड देखने के लिए मांगा। इस पर उसने उसे एटीएम कार्ड दे दिया। जिसे उसने बदलकर उसे दे दिया।
उस वक्त उसने कार्ड पर ध्यान नहीं दिया और एटीएम कार्ड व रपये निकालकर वापस घर आ गया। दोपहर करीब एक बजे उसके पास रुपये निकाले जाने का मैसेज मोबाइल पर आया जिसे देखकर वह सन्न रह गया। उसके बैंक खाते से 79500 रुपये निकाले गए थे। इस पर उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई पवन कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।