शहर में डेबिट कार्ड बदलकर दो खातों से 2.75 लाख निकालने का मामला सामने आ गया है। साइबर सेल की जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
राजेंद्रा पार्क निवासी ईश्वर सिंह डीटीसी बस में कंडक्टर है। उसने थाना राजेंद्रा पार्क पुलिस को बताया कि 27 फरवरी की शाम 8 बजे वह एसबीआई के एटीएम बूथ पर पैसे निकालने गया था। मशीन में कार्ड डालने वक्त उसके हाथ से कार्ड छूटकर गिर गया।
इस दौरान वहां खड़े एक युवक ने कार्ड उठाकर उसे दे दिया, लेकिन दोनों ही मशीनों से कैश नहीं निकलने पर वह लौट गया। इसके बाद उसके खाते से करीब 1.80 लाख रुपये निकाल लिए गए। ईश्वर का आरोप है कि युवक ने उसका कार्ड बदलकर दूसरा थमा दिया था, जिसका पता उसे ठगी होने के बाद चला।
आरोपी युवक ने नकदी निकालने के साथ ही ऑनलाइन खरीदारी भी की। पीड़ित की शिकायत को साइबर सेल को भेजा गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
वहीं मूल रूप से करनाल निवासी सुमन सेक्टर-10 में रहती है और एक निजी कंपनी में काम करती है। सुमन ने पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष सितंबर में वह एसबीआई बैंक के बूथ पर रुपये निकालने गई थी। पीड़िता को 5000 रुपये निकालने के बाद उसे दूसरे खाते में डालने थे।
इस बीच एक युवक आया और मदद करने के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। रात में उसके पास 95000 रुपये ट्रांजेक्शन का मैसेज आया। साइबर सेल की जांच के बाद पुलिस ने अब केस दर्ज किया है।