पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वालों का गिरोह एक बार फिर शहर में सक्रिय हो गया है। गिरोह के सदस्यों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उससे सोने की चूड़ियां ठग लीं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सेक्टर-14 का है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से बिहार के औरंगाबाद की रहने वाली मोतीमनी कुंवर अपने परिवार के साथ सेक्टर-14 में रहती हैं। बृहस्पतिवार की सुबह सेक्टर-14 स्थित ओम रेजिडेंशियल से वह घर लौट रहीं थीं।
जांच अधिकारी एएसआई बिजेेंद्र ने बताया कि इस दौरान एक युवक पुलिस की वर्दी में महिला के पास आया और कहा कि अभी कुछ बदमाश एक औरत को चाकू मारकर उसके पास से सोने की चेन व अन्य जेवर लेकर फरार हो गए हैं। आप भी अपनी सोने की चूड़ियां निकाल कर इस कागज में रख दीजिए।
अभी महिला उसकी बातों को सुन ही रही थी कि दूसरा युवक भी पुलिस की वर्दी में वहां आ गया। दूसरे युवक ने भी महिला से यही बात दोहराई। दोनों युवकों की बातों को सुनकर महिला ने उन पर विश्वास कर लिया और सोने की चूड़ियां निकाल लीं।
इस दौरान एक युवक महिला को अपनी बातों में उलझाए रहा, जबकि दूसरे युवक ने सोने की चूड़ियां एक कागज में लपेट कर महिला को दे दीं। इसके बाद महिला व दोनों युवक वहां से चले गए। घर जाकर महिला और उसके परिवार वालों ने जब चूड़ियाें की जांच की तो चूड़ियां नकली निकलीं। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में दी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।