दिल्ली के करावल नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात झगड़े के दौरान एक युवक ने बड़े अशक्त भाई पर कपड़े धोने वाली थपकी से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र वर्मा (48) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी अरविंद (36) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पैरों से अशक्त था सुरेंद्र
पुलिस के मुताबिक सुरेंद्र के परिजन गली नंबर-1, राम विहार, जौहरीपुर में रहते हैं। परिवार में पिता सतपाल, मां कमला देवी और सुरेंद्र के अलावा तीन भाई मिंटू, संजय और अरविंद हैं। परिजनों के मुताबिक, 20-22 साल की उम्र में चोट लगने से सुरेंद्र पैरों से अशक्त हो गया था।
सुरेंद्र अपने परिवार से अलग नंद नगरी में दोस्त टोनी के साथ रहता था। वह अक्सर रुपये लेने के लिए अपने घर आता था। रविवार रात को भी सुरेंद्र घर आया था।
इस दौरान किसी बात पर उसकी छोटे भाई अरविंद से कहासुनी हो गई। झगड़े के दौरान अरविंद ने पास में रखी थपकी से सुरेंद्र के सिर पर कई वार कर दिए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।