राजेंद्र नगर सेक्टर-2 में कारों से बैट्री चोरी करते बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए। एक रेजिडेंट ने सीसीटीवी की फुटेज अपने फेसबुक पेज पर अपलोड कर लोगों से चोरों को पकड़वाने की अपील की है।
इसके साथ ही फेसबुक मित्रों से पोस्ट को शेयर करने के लिए भी कहा। इस मामले में थाना साहिबाबाद पुलिस को शिकायत कर दी गई है।
दिल्ली स्थित नेशनल इंफार्मेशन सेंटर में कार्यरत और राजेंद्र नगर सेक्टर-2 निवासी प्रमोद शर्मा की वैगनआर कार से चोरों ने सोमवार की रात बैट्री चोरी कर ली।
इतना नहीं कि पास में ही खड़ी दो और कारों मारुति 800 और जेन से भी बैट्री उड़ा ली। इस मामले में थाना साहिबाबाद में शिकायत दी गई।
इस दौरान चोर सीसीटीवी में कैद हो गए, जिसकी फुटेज पुलिस को मुहैया कराई गई है। उधर, कालोनी के रेजीडेंट पंकज चतुर्वेदी ने सीसीटीवी फुटेज फेसबुक पर अपलोड कर लोगों से चोरों को पकड़ने में मदद करने की अपील की है।
इसके साथ ही लोगों को चोरों से बचने के लिए भी हिदायत दी गई है। उधर, साहिबाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।