एनएच-24 पर विजयनगर में रविवार रात करीब 12 बजे दादरी के तीन दोस्तों को गन प्वाइंट पर अगवा कर कार और दो मोबाइल लूट लिए। बदमाशों की तादाद चार थी और वे भी कार में सवार थे।
उन्होंने तीनों युवकों को चलती कार से हाईवे पर ही थोड़ी-थोड़ी दूरी पर फेंक दिया और भाग गए। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी भी की, मगर वे पकड़ में नहीं आए। इस बाबत विजयनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एसओ विजयनगर एपी सिंह ने बताया कि दादरी केपिलपता निवासी बिजेंद्र भाटी कारोबारी हैं। उनकी कई कारें और अन्य वाहन चलते हैं। मनोज उनका ड्राइवर है। रविवार देर रात मनोज अपने दोस्त कमल, गोलू और एक अन्य व्यक्ति केसाथ विजयनगर आया।
उस व्यक्ति को इन्होंने विजयनगर में छोड़ा और तीनों एनएच-24 पर विजयनगर तिराहे पर पहुंचे शराब पी। नशे में धुत होने पर तीनों कार में सोने लगे। मनोज ने बताया कि इसी दौरान वहां कार सवार चार बदमाश आए।
एक बदमाश कार में बैठा रहा और तीन कार से उतरे, उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर कार में बंधक बना लिया। तीनों कार में सवार हो गए और उन्हें एबीईएस कट और लालकुआं केपास कार से गिराकर कार लूटकर भाग गए। उन्होंने लोगों की मदद से कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
एसएसपी बोले-जल्द पकड़े जाएंगे लुटेरे
एसएसपी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि कार लुटेरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने रणनीति तैयार कर ली है, जल्द ही इसका असर दिखेगा।
कार लूट के हालिया मामले
13 मई : चौधरी मोड़ के पास फूल कारोबारी से कार लूटी।
14 अप्रैल : सिहानी गेट क्षेत्र में महिला प्रोफेसर कार लूटी।
एक अप्रैल : यशोदा अस्पताल में प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर से कार लूटी।