गांव बोड़ाकी के नजदीक शनिवार रात बाइक सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार लूट ली। चालक के विरोध करने पर उन्होंने तमंचे की बट से हमला कर दिया। बदमाशों ने हाथ-पैर बांधकर उसे जारचा क्षेत्र में नहर के पास फेंक दिया और फरार हो गए।
पीड़ित ने कार लूट की तहरीर दादरी पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी का कहना है कि पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि बाराबंकी निवासी कृपाराम ग्रेटर नोएडा के ओमेक्स में रहने वाली शशि शर्मा की कार का ड्राइवर है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे शशि शर्मा को घर पर छोड़ने के बाद वह गांव बोड़ाकी के पास बन रही अंसल सोसायटी आ रहा था।
गांव बोड़ाकी के नजदीक दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक से मारपीट की और हाथ-पैर बांध कर उसे गाड़ी में डालकर ले गए। उन्होंने कृपाराम को जारचा क्षेत्र के गांव खटाना के पास नहर के नजदीक फेंक दिया और कार ले गए।
करीब 12 बजे चालक किसी तरह अपने हाथ पैर खोलकर गांव पहुंचा। उसने फोन कर शशि शर्मा को सूचना दी। मौके पर पहुंची शशि शर्मा चालक को अपने साथ ले आईं। रविवार को कृपाराम ने घटना की शिकायत दादरी कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।