हरियाणा से यूपी के बलिया जा रहे एक युवक को बदमाशों ने लूटपाट कर बुधवार सुबह अर्थला के पास चलती ट्रेन से फेंक दिया। युवक के सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं हैं।
पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने लूटपाट की घटना से इंकार किया है।
मूलरूप से बलिया के रहने वाले अमित(30) हरियाणा के पानीपत में निजी कंपनी में काम करते हैं। अमित बुधवार सुबह ट्रेन से बलिया के लिए निकले थे। नई दिल्ली स्टेशन से उन्होंने बलिया के लिए दूसरी ट्रेन ली।
अमित के पिता उमाशंकर ने बताया कि साहिबाबाद से कुछ पहले अमित को अकेला पाकर चार युवक उसके पास आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अमित से उसका मोबाइल, पर्स और बैग आदि लूट लिया।
आरोपी है कि युवक अमित को अर्थला के पास चलती ट्रेन से नीचे फेंककर भाग गए। रेलवे ट्रैक पार कर रहे लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद अमित को गाजियाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
बदमाश अमित से नौ हजार की नगदी, मोबाइल, बैग आदि लूटकर ले गए। एसएचओ साहिबाबाद उपेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। एक युवक ट्रेन से गिर गया था, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
ट्रेन की चपेट में आकर युवक घायल
घने कोहरे के दौरान ट्रैक पार करते हुए एक युवक राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर घायल हो गया। युवक को मोहन नगर के नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा साहिबाबाद स्टेशन से कुछ दूरी पर साहिबाबाद गांव के पास हुआ।
मूलरूप से अलीगढ़ निवासी यागवेंद्र साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में कर्मचारी है। बुधवार सुबह वह फैक्ट्री से घर लौटते हुए साहिबाबाद गांव के पास से ट्रैक पार कर रहे थे।
इस दौरान यागवेंद्र घने कोहरे के चलते गाजियाबाद की ओर से आ रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। ट्रेन के साथ उसका कपड़ा फंस गया, जिससे वह काफी दूर तक घिसटता चला गया।
हादसे में उसके सिर, हाथ व पैर में काफी चोटें आई हैं। घायल यागवेंद्र को नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।