अंसल प्लाजा वैशाली स्थित एक कंपनी के एडमिन मैनेजर से आटो सवार बदमाशों ने शुक्रवार की सुबह लूट की। बदमाश तमंचे के बल पर उनका लैपटॉप, मोबाइल और नगदी लूटकर जीटी रोड पर हज हाउस के पास भाग गए।
एडमिन मैनेजर हिंडन पुलिस चौकी पहुंचे तो महज मोबाइल गुमशुदगी की शिकायत लेकर उन्हें लौटा दिया गया। बहरहाल, अब एसओ साहिबाबाद का कहना है कि मामले में लूट की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
घटना सुबह करीब पांच बजे की है। नंदग्राम सी-ब्लॉक निवासी एडमिन मैनेज सुमन झा नाइट शिफ्ट कर कैब से घर के लिए निकले। उन्होंने बताया कि कैब ने मोहन नगर चौराहे पर उतारा, जिसके बाद उन्होंने आटो लिया, जिसमें पहले से ही तीन सवारियां बैठी थीं।
मोहन नगर चेक पोस्ट के पास से दो युवक बैठे। दोनों ने सूट पहन रखा था। एक युवक चालक के बराबर सीट पर बैठा, जबकि दूसरा ऑटो में पीछे बैठ गया। हज हाउस के पास पहुंचते ही आगे बैठे बदमाश ने उन पर तमंचा तान दिया।
उनसे मोबाइल, लैपटॉप और 25 सौ रुपये लूट लिए और आटो से उतरकर पैदल ही हज हाउस के पीछे भाग गए। सुमन झा नया बस अड्डा पुलिस चौकी पहुंचे जहां से उन्हें हिंडन पुलिस चौकी भेजा गया।
यहां मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट लेकर जाने के लिए कह दिया गया। उधर, एसओ साहिबाबाद उपेंद्र यादव ने बताया कि पीड़ित ने थाने में संपर्क नहीं किया है। उनसे बात कर लूट की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
लुटेरा रिक्शा चालक गिरफ्तार
रिक्शा चलाने की आड़ में लोगों को लूटने वाले एक बदमाश को विजयनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चाकू और लूट का सामान बरामद किया है।
लुटेरे रिक्शा चालक ने दो दिन पहले भी थाना रोड पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक कैलाश नगर निवासी सतेंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नोएडा स्थित प्राइवेट कंपनी में कार्यरत सतेंद्र बृहस्पतिवार तड़के आफिस से घर आ रहे थे। विजय नगर कट पर बस से उतरकर पैदल अपने घर जा रहे थे कि रास्ते में सम्राट चौक के नजदीक दो युवकों ने उसे पकड़ लिया।
सतेंद्र को चाकू दिखाकर जेब में रखा स्मार्ट फोन व पर्स लूट लिया। पर्स में 1500 की नगदी व जरूरी कागजात थे। पीड़ित की शिकायत पर बृहस्पतिवार की देर रात रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की गई।
विजयनगर स्थित बाईपास के पास एनएच-24 से रोजी कालोनी निवासी पंकज को गिरफ्तार किया गया है। वर्तमान में वह बलजीत नगर दिल्ली में रहता है।
पंकज ने बताया कि वह रिक्शा चलाता है। एसओ अवधेश यादव ने बताया कि पंकज के दूसरे साथी की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी थाना रोड पर पूर्व में भी लूट की वारदात कर चुका है।