फेसबुक पर दोस्ती करने के बाद आरोपी ने पीड़िता से दुष्कर्म किया और इसका खुलासा करने पर तेजाब डालने की धमकी दी। यह आरोप दिल्ली पुलिस ने अमेरिकी महिला से दुष्कर्म मामले में दाखिल चार्जशीट में लगाया है। मामले में अफगान नागरिक हमीदुल्लाह अकबर (34) आरोपी है।
पटियाला हाउस स्थित सीएमएम सुमित दास ने पुलिस की चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया है। पुलिस ने अकबर पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी, रंगदारी, धमकी देने व सरकारी प्रतिभूति का फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया है। पेश चार्जशीट में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने फॉरनर एक्ट व आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं।
पुलिस के मुताबिक, अकबर ने कपड़े का कारोबार करने वाली 39 वर्षीय अमेरिकी महिला से पहले फेसबुक पर दोस्ती की फिर दुष्कर्म। फेसबुक पर अकबर ने खुद को दुबई स्थित बैंक अधिकारी बताया।
पीड़िता को जब सच्चाई पता चली तो अकबर ने एसिड डालने की धमकी दी और आतंकी मामले में फंसाने की धमकी देेकर ब्लैकमेल किया। अकबर ने पीड़िता को उनकी अश्लील तस्वीरें इंटरनेट पर डालने की भी धमकी दी।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर अकबर को फरवरी 2017 में गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस को अकबर के खिलाफ अन्य देशों की भी कई महिलाओं से शिकायत मिलीं। इनसे भी अकबर ने धोखाधड़ी व शोषण किया था और स्काइप के जरिये इन महिलाओं की तस्वीरें लेकर ब्लैकमेल किया।
2013 में खत्म हो चुका है वीजा
पुलिस के अनुसार, अकबर का वीजा दिसंबर 2013 में खत्म हो चुका है लेकिन वह भारत में रह रहा था। उसने कई स्थानों पर खुद को दिल्ली में पैदा हुआ भारतीय नागरिक बताया था। वह अलग अलग नामों से फेसबुक प्रोफाइल बनाता था और महिलाओं से दोस्ती करता फिर उनका विश्वास जीत कर नजदीकियां बढ़ाता था। इसके बाद शादी का झांसा देकर उनसे दुष्कर्म करता और बाद में ब्लैकमेल। पेश मामले में पीड़िता के साथ भी अकबर ने ऐसा ही किया।