चाइनीज मोबाइल कंपनी ओप्पो में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान मामले में पुलिस को आरोपी कर्मचारी के खिलाफ पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में आरोपी कर्मचारी पीछे से कूड़ेदान में कुछ डालते हुए दिख रहा है, लेकिन ये स्पष्ट नहीं है कि वह क्या डाल रहा है।
पुलिस अब सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगालने में जुटी है। नोएडा के सेक्टर-63 ए ब्लॉक स्थित ओप्पो कंपनी में मंगलवार को चाइनीच अधिकारी शोह यूम द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को कूड़ेदान में फेंकने का मामला सामने आया था।
आरोपी अधिकारी कंपनी में प्रोडक्शन मैनेजर है। आरोप है कि उसने सोमवार दोपहर निरीक्षण के दौरान कंपनी में एक जगह लगे तिरंगे को उखाड़कर कूड़ेदान मेें फेंक दिया था। कंपनी के एक कर्मचारी की शिकायत पर थाना फेज तीन पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 40-45 कैमरों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर जांच कर रही है। थाना फेज तीन प्रभारी निरीक्षक उम्मेद कुमार ने बताया कि एक सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में आरोपी टेबल से कुछ चीज उठाकर कूड़ेदान में फेंकता दिख रहा है।
इसके बाद एक कर्मचारी कूड़ेदान से कुछ निकालता है। हालांकि ये क्या चीज है स्पष्ट नहीं है। रिकॉर्डिंग आरोपी अधिकारी के पीछे की तरफ लगे कैमरे की है। आरोप लगाने वाले कर्मचारी भी उस वक्त आसपास मौजूद थे जो अधिकारी को देख रहे थे।
अब सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। अन्य सीसीटीवी कैमरे में भी घटना के वक्त वाले समय पर आरोपी अधिकारी आसपास निरीक्षण करते हुए दिख रहा है।
कंपनी ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर निकाला
कंपनी ने बुधवार को ही चाइनीज अधिकारी को नौकरी से निकाल दिया था। समाचार एजेंसियों को दिए गए वक्तव्य में कंपनी ने कहा था कि उन्हें जांच के दौरान आरोपी अधिकारी टेबल से तिरंगा उठाकर कूड़ेदान में डालते हुए दिखा है। इसी के आधार पर कंपनी ने उसे नौकरी से निकालने का फैसला लिया है।