स्कूल में छात्राओं से अश्लील बातें करने वाला आरोपी अध्यापक एक सप्ताह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी के वकील ने शुक्रवार को अग्रिम जमानत की याचिका दायर की, जो कोर्ट ने खारिज कर दी।
महिला थाने में दर्ज मामले के मुताबिक 16 सितंबर को इंद्रा कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल के एक अध्यापक पर बच्चियों के साथ अश्लील बातें करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया था।
आरोप है कि अध्यापक स्कूल में पढने वाली छात्राओं को बहाने अपने पास बुलाने के बाद उनके साथ गलत हरकतें करता था। एक बच्ची ने हिम्मत कर यह बात अपने परिजनों को बताई।
परिजनों ने इसकी शिकायत महिला थाने में की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से नाराज कॉलोनीवासियों ने 16 सितंबर को स्कूल पर जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों से बात की। मामले की गंभीरता को समझते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंची और अध्यापक को निलंबित कर दिया था।
विवाद बढ़ता देख महिला थाना पुलिस ने बच्चियों की शिकायत पर अध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।