अशोक विहार में पिता को हो रही तकलीफ पर सिगरेट पीने से मना करने पर तीन युवकों ने अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने शव को बवाना नहर में फेंक दिया। वापस लौटने के बाद पीड़ित परिवार के साथ थाने में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवाई और उसकी तलाश करने का नाटक भी करते रहे।
पुलिस की तफ्तीश में शक की सुई आरोपियों की तरफ गई तो तीनों फरार हो गए। रविवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बृजेश कुमार (22) परिवार के साथ अशोक विहार के शहीद सुखदेव नगर में रहता था। वह प्राइवेट कार चलाता था। पिछले महीने ही बृजेश की शादी हुई थी।
कुछ दिन पहले उसके तीन दोस्त घर आए थे। तीनों कमरे में सिगरेट पीने लगे, जिसकी वजह से बृजेश के पिता को तकलीफ हुई और उसने दोस्तों को डांट कर घर से बाहर सिगरेट पीने को कहा। इस बात को लेकर तीनों दोस्त काफी गुस्से में थे। 10 अक्तूबर की रात तीनों ने शराब पीने के बाद बृजेश को बुलाया और सिगरेट पीने की बात को लेकर बहस करने लगे।