फर्जी लूट मामले में बुधवार को कविनगर पुलिस ने व्यापारी शोभित गुप्ता कोगोली मारने वाले दोस्त स्वास्तिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल, दो कारतूस मिले हैं।
शोभित की कार भी कब्जे में ली है। शोभित ने उसे 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे और पुरानी कार दिलाने का वादा किया था। शोभित गुप्ता पर भी पुलिस ने फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया है।
एसपी सिटी डॉ. अजयपाल ने बताया कि शोभित ने दोस्त के पूर्व ड्राइवर स्वास्तिक को 50 हजार रुपये देकर असलाह खरीदने को कहा। 20 हजार रुपये में पिलखुवा के एक युवक से स्वास्तिक ने पिस्टल खरीदी।
मंगलवार को शोभित ने कॉल कर स्वास्तिक को सेक्टर-3 रेलवे फाटक के पास बुलाया। कार में बैठाकर कमला नेहरूनगर ले गया।
कार में कंडक्टर सीट पर बैठे स्वास्तिक से पैर में गोली लगवाई, इसके बाद स्वास्तिक को वहां छोड़कर खुद कार ड्राइविंग करते हुए सर्वोदय अस्पताल पहुंचा। स्वास्तिक का पता पुलिस को शोभित की कॉल डिटेल से चला।
एसपी सिटी ने बताया कि पहले शोभित ने गुमराह करने के लिए बताया था कि फाइनेंसर दोस्त से उसने गोली लगवाई थी।
लेकिन कॉल डिटेल से पुलिस को स्वास्तिक के बारे में पता चला। स्वास्तिक ने दावा किया कि रिश्तेदार की रकम हड़पने के लिए शोभित ने यह प्लानिंग की थी।
‘मैंने लगाई थी पिस्टल, ट्रिगर दबाया शोभित ने’
स्वास्तिक ने पुलिस को बताया कि शोभित के पैर में उसने पिस्टल सटाई थी, ट्रिगर खुद शोभित ने दबाया था। गोली चलाते वक्त इस बात का खास ध्यान रखा गया था कि गोली हड्डी में न लगे, जिससे चलने फिरने में कोई दिक्कत न हो।
‘बेरोजगारी का उठाया फायदा’
स्वास्तिक ने बताया कि फर्जी लूट की साजिश शोभित ने की थी। शोभित को पता था कि वह कुछ दिनों से बेरोजगार था। शोभित ने उसे मिलने के लिए बुलाया। 2012 मॉडल की एक कार दिलाने का वादा करके 50 हजार रुपये देकर साजिश में शामिल किया।
ऐसे हुआ खुलासा
नौकर-परिजनों के बयान थे कि शोभित के पास कोई बैग नहीं था। शोभित का बयान था कि वह दुकान से बैग लेकर अपने साले लोकेश के पास जा रहा था। बैग में 18.5 लाख रुपये थे।
एसएचओ ने बताया कि यह बात साफ हो गई थी कि शोभित के पास रुपये नहीं थे, सोमवार की रात को उससे मिलने भी कुछ लोग आए थे, जिनसे शोभित का लेनदेन था।
सोमवार रात से ही वह परेशान था। 20 दिन पहले भी शोभित ने लोकेश को बताया था कि उससे बदमाशों ने 4.5 लाख रुपये डायमंड फ्लाईओवर पर लूट लिए थे, यह घटना पुलिस को नहीं बताई थी। पुलिस का दावा है कि वह भी शोभित की फर्जी कहानी थी, जिसे उसने लोकेश को बताया था।
यह है मामला
मंगलवार दोपहर शोभित ने पुलिस को बताया था कि चार बदमाशों ने उसे उसकी ही कार में अगवा कर 18.5 लाख रुपये लूटे, कमला नेहरू नगर में उसे गोली मारकर भाग गए। लेकिन जांच में पूरा मामला फर्जी निकला।
व्यापारियों ने एसपी सिटी को किया सम्मानित
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार सुबह एसपी सिटी को सम्मानित किया। व्यापारियों का कहना था कि जिस तरह पुलिस ने सात घंटे के भीतर फर्जी लूट का खुलासा किया, वह काबिले तारीफ है।
चलने में हो सकती है शोभित को दिक्कत
सर्वोदय अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि गोली लगने की वजह से शोभित के पैर की एक नस कट गई है, जिससे उसे भविष्य में चलने फिरने में दिक्कत हो सकती है। हो सकता है कि वह पहले की तरह भागदौड़ न कर सके।