आईसीआईसीआई बैंक कौशांबी में शनिवार को रकम जमा कराने पहुंचे मुर्गा व्यापारी को बैंक के अंदर ही बदमाश ने चूना लगा दिया।
व्यापारी और उसके दोस्त को बातों में लगाकर बदमाश ने नगदी से भरे बैग से 70 हजार रुपये निकाल लिए और भाग गया। नगदी जमा कराने के दौरान रकम कम निकली, जिस पर बैंक में हड़कंप मच गया।
व्यापारी ने शोर मचाया लेकिन बदमाश भाग चुका था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
दिल्ली स्थित गाजीपुर निवासी जमाल असलम मुर्गा मंडी में व्यापारी है। उनके बड़े भाई छोटू ने तीन लाख रुपये कौशांबी स्थित आईसीआईसीआई बैंक में जमा कराने के लिए दिए थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे जमाल अपने दोस्त आलम के साथ बैंक पहुंचा और काउंटर पर नगदी से भरा बैग रखकर स्लिप भरने लगा। इस दौरान एक युवक उनके पास आया और डिपॉजिट स्लिप भरने के बारे में पूछने लगा।
कुछ देर तक तीनों के बीच बात हुई और फिर युवक चला गया। काउंटर पर पहुंचने पर जब जमाल ने बैग से नगदी निकाली तो सिर्फ दो लाख 30 हजार रुपये ही निकले। 70 हजार रुपये कम थे।
जमाल और आलम को उनसे बात करने वाले युवक पर शक हुआ तो शोर मचाया लेकिन वह बैंक से भाग चुका था। बैंक कर्मचारियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
एसओ इंदिरापुरम हरिदयाल यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही युवक को पकड़ लिया जाएगा।
बड़े भाई ने बैंक में ही कर दी जमाल की पिटाई
रकम चोरी होने की सूचना पर बैंक पहुंचे जमाल के बड़े भाई छोटू ने वहीं पर उसकी पिटाई शुरू कर दी। छोटे भाई की लापरवाही पर छोटू बहुत गुस्से में थे। उसके साथ आए लोगों ने उसे किसी तरह शांत कराया।
लूट की सूचना से मचा था हड़कंप
आईसीआईसीआई बैंक से लूट की सूचना मिलने पर इंदिरापुरम पुलिस में हड़कंप मच गया था। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची तो मामला चोरी का निकला। तब जाकर पुलिस की सांस में सांस आई।