सादलपुर पैसेंजर ट्रेन में एक ही परिवार के छह लोगों के बेहोश होने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद दिल्ली कैंट स्टेशन पर सभी को ट्रेन से उतारकर डीडीयू अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जिसमें से कुछ लोगों को होश आ गया है, जबकि कुछ अभी बेहोश ही हैं। पीड़ितों से पूछताछ कर पुलिस ने जहरखुरानी की घटना से इनकार किया है।
शुरुआती जांच में फूड पॉयजनिंग का मामला सामने आया है। रेलवे पुलिस उपायुक्त परवेज अहमद ने बताया कि राजस्थान पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। राजस्थान पुलिस अब मामले की जांच करेेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मथुरा के नंगला गांव निवासी फकीरचंद्र अपनी बेटी पत्नी व अन्य तीन महिलाओं के साथ सादलपुर पैसेंजर में सवार थे। सभी को मथुरा जाना था। ट्रेन के बिजवासन पहुंचने पर किसी यात्री ने फोन कर सूचना दी कि एक ही परिवार के छह लोग बेहोशी की अवस्था में हैं।
इस सूचना पर ट्रेन को सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर रोका गया और सभी बेहोश यात्रियों को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फकीरचंद्र की बेटी हल्की होश में थी। उसने बताया कि वह होटल में खाना खाई थी जबकि अन्य लोगों ने ट्रेन के भीतर खाना खाया था। शाम को कुछ अन्य यात्रियों के होश में आने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि राजस्थान से ट्रेन के रवाना होने के बाद उन लोगों ने खाना खाया था।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यह मामला जहरखुरानी का नहीं है क्योंकि यात्रियों का सारा सामान मौजूद है। आशंका है कि खराब खाना खाने की वजह से सभी बेहोश हो गए हैं।