50 हजार का इनामी बदमाश बिल्लु दुजाना ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस के खौफ से दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया है। माना जा रहा है कि इन दिनों यूपी पुलिस के बदले रवैये से खौफजदा बदमाश को भी डर था कि पुलिस कहीं उसका एनकाउंटर न कर दे।
प्रदेश में सरकार बदलने के बाद बदमाशों के एक-एक कर सफाये में जुटी पुलिस का खौफ बदमाशों पर भारी पड़ रहा है।
यहां तक कि जेल में बंद बड़े बदमाशों का बाहर काम संभाल रहे बदमाशों को भी पुलिस ने निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में अनिल दुजाना गैंग के 50 हजार के इनामी बदमाश बिल्लु दुजाना पर हत्या, रंगदारी, हथियार सप्लाई, जमीनों पर कब्जे के एक दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।
महीने भर पहले ही उसपर प्रदेश सरकार ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। ईनाम घोषित होने के बाद पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी थी। इसी बीच गौतमबुद्धनगर में पुलिस व बदमाशों के बीच आधा दर्जन मुठभेड़ हुई। जिसमें करीब आठ बदमाशों के गोली लगी। माना जा रहा है कि इसी डर से बिल्लू ने भी दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया है।
बड़ी तेजी से अपराध की दुनिया में उठा बिल्लू
दुजाना गांव का रहने वाला बिल्लू अनिल के संपर्क में आने के बाद बड़ी तेजी से अपराध की दुनिया में ऊपर आया था। सूत्रों के अनुसार जेल में बंद अनिल के लिए बाहर रहकर हत्या, रंगदारी, जमीनों पर कब्जे कराता था। ताबड़तोड़ वारादात को अंजाम देने पर पिछले कुछ वर्षों में उसपर पांच हजार से लेकर पचास हजार तक इनाम पहुंच गया।