दक्षिण दिल्ली की पॉश डिफेंस कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात शराब के नशे में धुत युवती ने बुजुर्ग मां और भाई को गोली मार दी। युवती ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से मां को दो और भाई को एक गोली मारीं।
दोनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मां की हालत गंभीर है। युवती ने चार-पांच गोलियां चलाईं। एक गोली दीवार में लगी है। पुलिस को मौके से दो खोल व दो कारतूस मिले हैं।
युवती को डिप्रेशन का शिकार बताया जा रहा है। उसने नींद की गोलियां भी खा रखी थीं। डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर युवती को गिरफ्तार कर लिया।
युवती मशहूर शूटर जसपाल राणा के साथ शूटिंग कर चुकी है
वारदात में इस्तेमाल पिस्टल को जब्त कर लिया गया है। युवती मशहूर शूटर जसपाल राणा के साथ शूटिंग कर चुकी है। युवती और उसका भाई अविवाहित हैं। दक्षिण जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार, आईएफएस अफसर रहे शरण सिंह (85) पत्नी गीताशरण सिंह (80), बेटे हरशरण सिंह (45) और बेटी संगीता सिंह (49) के साथ ई-123 दूसरी मंजिल, डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं।
रात करीब 12 बजे हरशरण सिंह बहन संगीता को खाना खाने के लिए बुलाने गया और उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। संगीता लाइसेंसी पिस्टल लेकर गुस्से में कमरे से बाहर निकली और हरशरण सिंह को गोली मार दी।
हरशरण सिंह की जांघ में गोली लगी। मां गीताशरण सिंह बीच-बचाव करने आईं तो संगीता ने बुजुर्ग मां को भी दो गोलियां मार दीं। गीताशरण सिंह को एक गोली छाती व दूसरी पीठ में लगी है। इसके बाद उसने एक-दो और गोलियां चलाईं।
गीता व हरशरण सिंह को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं
प्रतीकात्मक तस्वीर
एक गोली दीवार पर लगी है। शरण सिंह ने रात 12:43 बजे सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गीता व हरशरण सिंह को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। बुजुर्ग संगीता शरण सिंह की हालत चिंताजनक है।
पुलिस ने रात में ही घर में नशे की हालत में मिली संगीता को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली। पुलिस ने शुक्रवार सुबह संगीता की मेडिकल जांच कराई। इसमें संगीता के शराब पीने की पुष्टि के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि पिता ने बयान दिया है कि संगीता डिप्रेशन में है और दवाइयां ले रही है। उसने बृहस्पतिवार रात डिप्रेशन की गोलियां ली थीं। साथ में नींद की गोलियां भी खा ली थीं। इसके बाद उसने शराब पी ली थी। वारदात से कुछ घंटे पहले ही संगीता ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था।