दक्षिण जिले की फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने साढ़े तीन लाख रुपये के नए नोटों के साथ एक प्रॉपर्टी डीलर को पकड़ा है। संदिग्ध हालत में घूमने के कारण वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। पुलिस ने नए नोट जब्त होने को लेकर आयकर विभाग व प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को जानकारी दे दी है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार फतेहपुर बेरी थानाध्यक्ष गोविंद चौहान की टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रविवार को संदिग्ध हालात में गुड़गांव से दिल्ली आ रहा है और उसके पास नए नोट हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने रविवार रात करीब नौ बजे चेकिंग के दौरान मोटर साइकिल से संदिग्ध हालात में आ रहे मनटूनपाल को पकड़ लिया। उसके कब्जे से साढ़े तीन लाख रुपये के नए नोट जब्त किए गए। 3.46 लाख रुपये दो हजार के नोट में थे, जबकि चार हजार रुपये पांच सौ के नोट में थे।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मूलरूप से बिहार निवासी आरोपी मनटूनपाल पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है और आया नगर में उसका ऑफिस है। मनटूनपाल इस बात का संतोष जनक जवाब नहीं दे पाया कि वह इतनी बड़ी मात्रा में नए नोट कहां से लेकर आया था।
दिल्ली पुलिस ने कलंदरा बनाकर उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया है। पुलिस ने सभी नोट को कोर्ट में जमा कर दिया है और आयकर विभाग व ईडी को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी नए नोटों की खेप ला चुका है।