एटीएम बूथ में लेन देन करते समय अजनबियों से बचने की हिदायत की अनदेखी करना दो युवकों को महंगा पड़ा। एटीएम बूथ में मौजूद इन अजनबियों ने मदद करने के नाम पर इन दोनों का डेबिट कार्ड बदल दिया और बाद में खाते से रुपये निकाल लिए।
रोहताश के मुताबिक 11 जून को रुपयों की जरूरत होने पर वह जीवन नगर स्थित एक एटीएम पहुंचे थे। एटीएम बूथ में पहले से ही दो युवक मौजूद थे। उन्होंने एटीएम में अपना डेबिट कार्ड डाल कर पिन और धनराशि अंकित की लेकिन रुपये नहीं निकले।
इस पर उन दो युवकों ने मदद के नाम पर उनसे कार्ड लेकर एटीएम में डाला और पिन पूछ कर अंकित किया। इस बार भी रुपये नहीं निकले। इस पर वह लड़कों से अपना डेबिट कार्ड लेकर लौट आए। थोड़ी ही दूर गए थे कि उनके खाते से 15 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया।
वह भाग कर एटीएम बूथ पहुंचे तो दोनों युवक वहां नहीं मिले। रोहताश इतने पर भी सर्तक नहीं हुए और उन्होंने एटीएम कार्ड ब्लॉक नहीं करवाया, नतीजतन कार्ड बदलने वालों ने उनके कार्ड से करीब 25 हजार की ऑनलाइन खरीदारी कर डाली।
थोड़ी ही देर बाद उनके खाते से 24947 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किए जाने का मैसेज आया। उन्होंने कार्ड चेक किया तो वह किसी दूसरे के नाम का था। एसएचओ मुजेसर ने बताया कि केस दर्ज कर धोखाधड़ी करने वालों की तलाश की जा रही है।
कृष्णा नगर नहर पार रहने वाले राजेश कुमार मंगलवार को किसी काम से ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन आए थे। यहां एटीएम से रुपये निकालने के दौरान ठगों ने उसका कार्ड बदल दिया। ठगों ने उनके खाते से 8100 रुपये निकाल लिए।
उनके मोबाइल पर जब खाते से रुपये निकलने का मैसेज आया तो उन्हें धोखाधड़ी की जानकारी हुई। एसएचओ एनआईटी थाना इंस्पेक्टर मित्रपाल ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को दी गई है।