जेवर में रविवार रात एक छात्रा समेत दो किशोरियों के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पहले मामले में मामा के घर जाने के लिए निकली सातवीं की छात्रा को तीन युवकों ने अगवा कर लिया और जंगल में ले जाकर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी छात्रा को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। दूसरी घटना में एक समुदाय विशेष के चार युवकों पर खेत जा रही किशोरी से गैंगरेप की घटना को अंजाम देने का आरोप लगा है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर एक-एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
पहली घटना
जहांगीरपुर कस्बा निवासी सातवीं कक्षा की छात्रा रविवार शाम अपने घर से नाना के घर जाने के लिए निकली थी। इस दौरान सुनसान जगह पर कस्बे के तीन युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और जहांगीरपुर-झाजर मार्ग के निकट जंगलों में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद आरोपी उसे झाजर मार्ग के निकट बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।
देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए। किशोरी के मामा के घर पता किया तो वह वहां भी नहीं थी। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान छात्रा झाजर मार्ग के निकट सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिली। प्राथमिक उपचार के बाद होश में आई छात्रा ने अपने साथ हुई हैवानियत की आपबीती मां को बताई। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि परिजन की शिकायत पर पुलिस ने जहांगीरपुरी निवासी माधव व दो सगे भाइयों अमित व सुमित के खिलाफ मामला दर्ज कर माधव को गिरफ्तार कर लिया। अमित व सुमित की तलाश में छापेमारी की जा रही है।