दिल्ली कोतवाली इलाके में इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स के कारोबारी नितिन अरोड़ा (24) ने बृहस्पतिवार रात गोदाम में चोरी करने वाले दो लोगों को दबोच लिया।
आरोपियों की पहचान शास्त्री पार्क निवासी मोहम्मद गुलाब और 338, बी-ब्लॉक (शांति पब्लिक स्कूल के पास) गाजियाबाद निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने सामान खरीदने के आरोप में मोहम्मद बिलाल को भी गिरफ्तार किया है। बिलाल की लाजपत राय मार्केट में दुकान है।
पुलिस के अनुसार, गीता कॉलोनी निवासी नितिन की कोतवाली इलाके के साइकिल मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकान है। नितिन ने बताया कि दो-तीन दिनों से उसके गोदाम से सामान गायब हो रहा था। बृहस्पतिवार रात उसने देखा कि एक युवक गोदाम से एक कार्टून ले जा रहा है। नितिन उसका पीछा करने लगा।
गुलाब कार्टून लेकर लाजपतराय मार्केट के दुकान नंबर-278 के पास राजेश से बात करने लगा। तभी कारोबारी ने दोनों को दबोच लिया। इस बीच गुलाब ने सर्जिकल ब्लेड नितिन को जान से मारने की धमकी की और भागने लगा। नितिन के शोर मचाने पर लोगों ने दोनों को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, गुलाब ने पहले भी गोदाम से सामान चुराने की बात स्वीकारी है।