जट्टारी से जारचा भुगतान लेकर लौटने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर पतंजलि के थोक में उत्पाद बिक्री करने वालेे व्यापारी से 2.60 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद नोएडा और बुलंदशहर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पुलिस के आला अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
पुलिस के मुताबिक, जारचा निवासी धीरज शर्मा पतंजलि के उत्पाद थोक में दुकानदारों को बिक्री करने का व्यापार करते हैं। बृहस्पतिवार देेर शाम धीरज अन्य दो लोगों के साथ एक वाहन में सवार होकर जट्टारी क्षेत्र से भुगतान लेकर लौट रहे थे।
जैसे ही वह रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के कलूपुरा गांव के पास पहुंचे। बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने उनके वाहन को रुकवा लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर उनसे भुगतान के 2.60 लाख रुपये लूट लिए और गोली मारने की धमकी देकर बुलंदशहर से ककोड़ की ओर फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। कार्यवाहक एसपी देहात गौरव ग्रोवर ने मौके पर पहुंचकर अधीनस्थों को बदमाशों की घेराबंदी के निर्देश दिए। बदमाशों के बुलंदशहर जिले की ओर भागने की सूचना पर वहां की पुलिस भी बदमाशों की तलाश में जुट गई, लेकिन देर रात तक कामयाबी नहीं मिली।