गांव जौरासी में दो व्यक्तियों द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर बाइक में आग लगा देने व 19 हजार रुपये छीनकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप भी लगाया है।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं सहित मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कर्मबीर पुत्र धनपत निवासी गांव जौरासी थाना तावडू ने बताया कि वह अनुसूचित समाज से संबंध रखता है। उसने एक बाइक गांव निवासी सतबीर से खरीदी थी।
पीड़ित का आरोप है कि गत 31 मार्च की शाम 6 बजे जितेन्द्र व राहुल निवासी गांव जौरासी ने उसके उसके ऊपर हमला कर उसके 19 हजार रुपये व उसकी बाइक को छीन कर ले गए। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
बाद में आरोपियों ने उसकी बाइक में आग लगा दी। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर दो नामजद के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।