नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने फोन पर खुद को बैंककर्मी बताकर महिला से उसके डेबिट कार्ड की जानकारी व पासवर्ड ले लिया और उसके बाद खाते से 15 हजार रुपये निकाल लिए। महिला जब शिकायत करने के लिए थाना पहुंची तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय उसे भगा दिया। अब पीड़ित महिला बैंक और थाने के चक्कर लगा रही है।
तुगलपुर गांव में रहने वाली कमलेश ने बताया कि वह घरों में सफाई करके परिवार का भरण पोषण करती है। सोमवार शाम 4:30 बजे उसके मोबाइल पर 9006443027 नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया। उसने महिला से कहा कि उसका एटीएम कार्ड बंद होने वाला है।
उसे चालू रखने के लिए डेबिट कार्ड का नंबर व पासवर्ड मांगा। महिला ने उसे सारी जानकारी दे दी। थोड़ी देर बाद उसके खाते से 14080 और 1000 रुपये निकलने के दो मैसेज मिले। इसके बाद जब महिला ने उक्त नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया तो नंबर स्विच ऑफ मिला।
महिला ठगी की शिकायत लेकर यूनियन बैंक की नॉलेज पार्क स्थित शाखा पहुंची, लेकिन बैंक मैनेजर ने कोई कार्रवाई से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि बैंक से किसी कर्मचारी ने उसे फोन नहीं किया। इसके बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए नॉलेज पार्क थाने पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई करने की बजाय उसे धमकाकर भगा दिया।