चोर मंगलवार रात तिगांव रोड स्थित 8 दुकानों और बल्लभगढ़ मेन बाजार में दो दुकानों के शटर उखाड़ कर नकदी व सामान चोरी कर ले गए। वारदात के बाद पुलिस प्रशासन ने चार टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमें जांच में जुट गई हैं।
भगत सिंह कॉलोनी निवासी मुकेश की तिगांव मार्ग पर हार्डवेयर की दुकान है। मंगलवार देर रात चोर उनकी दुकान का शटर उखाड़कर गल्ले से 8 हजार रुपये चोरी कर ले गए। मंधावली निवासी ईश्वर की तिगांव रोड पर शिवम इंजीनियरिंग के नाम से दुकान है।
रात को चोर उनकी दुकान का शटर उखाड़ कर 25 बड़ी बैटरी, 12 इनर्वटर, 50 छोटी बैटरी चोरी कर ले गए। इसी तरह भीकम कॉलोनी निवासी पवन की तिगांव मार्ग पर परचून की दुकान है। उनकी दुकान से 3 हजार रुपये, चॉकलेट, नमकीन व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
यहां से चार दुकान छोड़कर भीकम कॉलोनी निवासी धर्मवीर की तिगांव मार्ग पर परचून की दुकान है। उनकी दुकान का शटर उखाड़कर 3 हजार रुपये, सिगरेट के डब्बे व अन्य सामान चोरी कर ले गए। इनके बराबर में ही भीकम कॉलोनी निवासी टेकचंद की दुकान का शटर उखाड़ कर 1500 रुपये, सिगरेट के डब्बे व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
भीकम कॉलोनी के ही रहने वाले नीरज शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तिगांव रोड पर उनकीविश्वकर्मा कूलर वर्क के नाम से दुकान है। उनकी दुकान का शटर उखाड़कर चोर तीन जूसर, एक मिक्सी, आठ पंखे, दो प्रेस, एक प्रेशर कुकर और 1500 रुपये चोरी करके ले गए। जबकि दो खाली दुकानों के शटर भी उखाड़े।
इनके अलावा बनियावाड़ा निवासी राजकुमार की मुख्य बाजार में लाला हरीचंद के नाम से परचून की दुकान है। रात को चोर उनकी दुकान का शटर उखाड़कर 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। यहीं पर एक खाली पड़ी दुकान का भी शटर उखाड़ने की कोशिश की गई।
सभी दुकानों में हुई चोरी के मामले दर्ज कर लिए हैं। इन मामलों की जांच के लिए चार टीमें गठित की है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अमन यादव, एसीपी बल्लभगढ़