विद्यार्थियों को अपने अंदर जीवन भर नया सीखने की ललक पैदा करनी चाहिए। नए विषय, नई तकनीक और चुनौतियों का सामना करने के नए तरीके सीखने की उम्र और चाहत कभी ख़त्म नहीं होनी चाहिए। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने यह बातें जीडी गोएनका विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के अवसर पर कही। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता घनश्याम तिवारी भी उपस्थित थे।
विश्वविद्यालय ने जनपथ स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में अपना चौथा दीक्षांत समारोह आयोजित किया। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए छात्रों में इनोवेशन और उद्यमिता का संचार करना आवश्यक है।
इस मौके पर विश्वविद्यालय की चांसलर रेणु गोएनका और प्रबंध निदेशक निपुण गोएनका समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। समारोह में 421 छात्रों को स्नातक और परास्नातक डिग्री और डिप्लोमा दिए गए। वहीं 24 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय ने इस अवसर पर अपनी पहली पीएचडी डिग्री भी प्रदान की।