मेवात के गोहत्या एवं गोतस्करी जैसा घिनौना एवं गैर कानूनी काम करने वाले चंद लोग सारी मेवात को बदनाम कर रहे हैं। ऐसे लोगों का हुक्का-पानी बंद करने के साथ-साथ उनको सामाजिक बहिष्कार मुस्लिम लोग करें।
ऐसे लोगों की पुलिस को सूचना दें ताकि उनको गिरफ्तार किया जा सके। ऐसा मेवात के सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं मानना है।
सेवानिवृत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं आप पार्टी नेता मोहम्मद इसहाक ने कहा कि इस्लाम में साफ तौर पर कहा गया है ऐसा कोई भी काम न करें जिससे किसी भी व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचती हो।
उन्होंने कहा कि चंद स्वार्थी लोग मेवात में गोहत्या और गोतस्करी के गैर कानूनी काम में संलिप्त हैं। ऐसे आपराधिक प्रवृति के लोगों का मुस्लिम समाज के लोगों को तुरंत प्रभाव से हुक्का-पानी बंद कर देना चाहिए।
मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन एवं इनेलो नेता इसराईल खां बिलौंड़ा ने कहा कि मेव समाज के लोगों को कमेटी बनाकर गांव-गांव में जाकर लोगों को समझाना चाहिए कि वे गैर कानूनी काम न करें।
यदि इसके बाद भी यदि कोई व्यक्ति गैरकानूनी काम करता है तो उसका सामाजिक बहिष्कार करना चाहिए। ऐसे लोगों को पुलिस से पकड़वाने के साथ-साथ बिरादराना तौर पर दंड़ित किया जाना चाहिए।
दक्षिण रेलवे बोर्ड़ के पूर्व सदस्य प्रोफैसर मौलाना करम इलाही ने कहा कि मेवात का भाईचारा संपूर्ण हिंदुस्तान में प्रशिद्ध है। लेकिन गौहत्या जैसे घिनौने काम करने वाले चंद लोगों ने मेवात के माथे पर न केवल कलंक लगा रखा है बल्कि भाईचारा को खतम करने की साजिश भी रची जा रही है।
मेवात के मुस्लिम समाज के लोगों को चाहिए कि वे सभी 36 बिरादरी के लोगों को साथ लेकर मेवात जिला को गोहत्या एवं गौतस्करी जैसे घिनौने काम से मुक्त करें।