दरअसल, मूलरुप से नेपाल के रहने वाले धर्मा धामी (45) अपने चचेरे भाई किशन धामी (39) के साथ एफ-ब्लॉक सेक्टर-27 में रह रहा था। किशन परिवार के साथ रहता है। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि मृतक धर्मा धामी की पत्नी का करीब पांच वर्ष पूर्व देहांत हो चुका है। उसका एक बेटा है जो नेपाल में रहता है। यहां वह अपने चचेरे भाई किशन व उसकी पत्नी के साथ सेक्टर-27 में रह रहा था और ई-रिक्शा चलाता था।
उसके किशन की पत्नी से अवैध संबंध थे। दो-तीन दिन पहले किशन ने चचेरे भाई धर्मा को पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद पत्नी ने जबरन छेड़छाड़ की बात पति को बताई। इससे नाराज किशन रविवार शाम को धर्मा को दिल्ली के मयूर विहार फेज-एक स्थित शराब के ठेके पर ले गया। वहां से शराब खरीद कर दोनों ने पी। इसके बाद नोएडा की तरफ लौट आए। इसके बाद सेक्टर-14ए नाले के समीप भी दोनों ने शराब पी।
शराब के नशे में ही पत्नी से संबंध होने की बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। जिसके बाद किशन ने अपने चचेरे भाई धर्मा धामी की लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया। सोमवार सुबह सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश की तो उसकी पहचान कुछ ई-रिक्शा चालकों ने धर्मा धामी के रुप में कर ली।
इसके बाद पुलिस ने उसके चचेरे भाई किशन को मौके पर बुलाया। उसने भी चचेरे भाई के रूप में मृतक की पहचान कर ली। इसके बाद पूछताछ शुरू हुई तो आरोपी किशन पुलिस को बरगलाने का प्रयास करने लगा। शक होने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी किशन ने पत्नी से अवैध संबंध के कारण हत्या करने की बात को स्वीकार कर लिया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
कमाई के पैसे चचेरे भाई किशन व उसकी पत्नी को देता था मृतक
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि धर्मा उसके साथ ही रहता था और ई-रिक्शा चलाता था। कभी-कभी रोज के हिसाब से बड़े वाहन भी चलाता था। कमाई के पैसे वह किशन व उसके परिवार को देता था। जिससे किशन ने धर्मा के नाम से एलआइसी भी करा रखा था।
किशन के बड़े भाई के यहां बरेली भी आता-जाता था
पुलिस को पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दस साल से धर्मा उसके साथ रह रहा था। किशन का बड़ा भाई बरेली में रहता है। धर्मा वहां भी अक्सर आया-जाया करता था।
सेक्टर-14ए नाले के पास एक शव की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कर ली गई। छानबीन के दौरान आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मृतक का चचेरा भाई है। पत्नी से अवैध संबंध के कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। -शक्ति मोहन अवस्थी, एडीसीपी नोएडा।