दिल्ली-एनसीआर में बारिश के दौरान मकान व बिल्डिंग गिरने का सिलसिला जारी है। रविवार देर रात द्वारका नॉर्थ के हरि विहार कालोनी में एक मकान की छत भरभराकर गिर गई। मलबे में दंपति व उनके तीन बच्चे दब गए।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर पांचों घायलों को निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दंपती सुनील (40) और उनकी पत्नी रचना (40) को मृत घोषित कर दिया। जबकि वैभव (19), गुलशन (16) और गुनगुन (9) का डीडीयू अस्पताल में इलाज किया गया। गुनगुन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वैभव और गुलशन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दंपती का शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव धामरई, इटावा निवासी सुनील परिवार के साथ आरजेड-92, हरि विहार, ककराला में 30 गज के मकान रहते थे।
परिवार में पत्नी रचना, तीन बच्चे वैभव, गुलशन और गुनगुन हैं। सुनील मादीपुर में चप्पल फैक्टरी में काम करते थे। वैभव बीएससी, गुलशन 11वीं और गुनगुन तीसरी कक्षा की छात्रा है।