हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की दोपहर दोनों के शव एक गन्ने के खेत में पड़े मिले हैं। दोनों 14 दिन से लापता थे। पोस्टमार्टम में भी हत्या की पुष्टि होने से मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है। पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका के परिजनों से पूछताछ के बाद मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार धौलाना थाना क्षेत्र के एक गांव के स्वर्गीय हरकेश के बड़े बेटे लाखन उर्फ निक्की (20) का अपने ही बिरादरी की एक किशोरी (16) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों को उनके परिजनों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे किसी की नहीं सुनते थे। बताया गया है कि दोनों 14 दिन से लापता थे। घास काटने गई महिलाओं ने उनके शव शुक्रवार को छंगा के गन्ने के खेत में पड़े देखकर शोर मचाया। तभी वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने दोनों की शिनाख्त की और लड़की के परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण करने और मृतका के परिजनों से बातचीत करने के बाद बताया 14 दिन पूर्व मृतका के पिता की ओर से धौलाना थाने में अपनी लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोपी लाखन व उसकी बहन, बहनोई और मां समेत पांच परिजनों को नामजद किया गया था।
उन्होंने बताया कि थाना पुलिस तभी से उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार को गन्ने के खेत से उनके शव बरामद हुए हैं। उन्होंने ऑनर किलिंग की घटना होने से इंकार तो नहीं किया, लेकिन कहा कि जांच करा रहे हैं, उसी के बाद कुछ कह सकेंगे। पहले यह कहा जा रहा था कि दोनों ने आत्महत्या की है। हालांकि घटनास्थल के फोटो से भी साफ झलक रहा था कि हत्या का मामला है, क्योंकि लड़की के गले में रस्सी का फंदा कसा था तथा लड़के का चेहरा एक तरफ से कुचला जैसा लग रहा था।
देर रात हुए पोस्टमार्टम के बाद चिकित्सा विभाग सूत्रों से जानकारी मिली है कि दोनों की गला घोंटकर हत्या की गई है। इतना ही नहीं मृतक युवक के पिछले भाग में डंडे से चोट भी पहुंचाई गई है। इससे साफ है कि हत्यारे काफी गुस्से में थे और युवक को कड़े से कड़ा दंड देना उनका मकसद था। घटनास्थल का एक महिला इंस्पेक्टर के साथ निरीक्षण कर लौटे अपर पुलिस अधीक्षक राम मोहन सिंह से भी बातचीत की गई तो उनका भी यही कहना था कि दोहरा हत्याकांड है, जिसे गंभीरता से लिया जा रहा है। गांव वालों की मानें तो वह खुलेआम अपने प्यार का इजहार करते थे। एक बार उन्होंने अपने हाथ की नसें भी काट ली थी।