निकटवर्ती गांव उजीना में एक दंपति ने घरेलू कलह से तंग आकर मंगलवार की देर रात जहर खा लिया। उनको सोहना के वरदान ट्रॉमा एवं रिसर्च सेंटर में दाखिल कराया गया, जहां 20 वर्षीय पत्नी सरिता उर्फ सविता की मौत हो गई, जबकि उसके पति बलजीत सिंह का उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका सरिता मूल रूप से ऊंटासानी, जिला अलीगढ़ यूपी की थी, जो कि गांव उजीना के राजपूत परिवार में ब्याही थी। उधर, इस मामले की सूचना मिलने के बाद नूंह पुलिस हरकत में आ गई और उसने अपने जांच अधिकारी महेश शर्मा को इस निजी अस्पताल में भेज दिया।
प्रारंभिक तौर पर नूंह अस्पताल में मृतका की मां बीरमती ने बताया कि उनकी बेटी सरिता की शादी बलजीत के साथ छह माह पहले हुई थी। मंगलवार रात उसके ससुर और सास के बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी वजह से सरिता के पति बलजीत ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर सरिता की सास ने मृतका को ताने देना शुरू कर दिया।
इसी वजह से मृतका सरिता ने भी जहर खा लिया। मायका पक्ष का कहना है कि बलजीत की नौकरी कुछ माह पहले चली गई थी, जिसकी वजह से वह परेशान था। उस पर उसके घरवालों का दबाव बना हुआ था। मृतका की बुआ निर्मला देवी ने बताया कि छह माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसने मृतका की मौत होने के पीछे ससुराल पक्ष का दबाव होने का आरोप भी लगाया। मायका पक्ष से बातचीत में यह बात भी सामने आई है कि मृतका के पति ने आठ दिन पहले भी जहर खाया था।
नूंह पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर शव को सामान्य अस्पताल नूंह के शव गृह में भिजवा दिया है। नूंह पुलिस के एसआई विजय आनंद ने इस मामले को लेकर कहा कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सोहना के अस्पताल में जाकर मृतका के शव को कब्जे में ले लिया।
मृतका के ससुराल पक्ष और मायके पक्ष की ओर से माता-पिता के बयान दर्ज करके शव की पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर इस मामले में कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।