आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार
अमृत भारत 3.0 ट्रेन को आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। इसमें आरामदायक सीटों के साथ बेहतर सस्पेंशन की व्यवस्था की गई है। इससे लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों को अधिक आराम मिल सकेगा। इसके अलावा आधुनिक शौचालय और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पुश-पुल तकनीक से मिलेगी बेहतर गति
यह ट्रेन पुश-पुल तकनीक से लैस है। इस तकनीक में ट्रेन के आगे और पीछे इंजन लगाए जाते हैं। इससे ट्रेन को गति पकड़ने और रफ्तार कम करने में मदद मिलती है। रेलवे के अनुसार, इस तकनीक से यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। बेहतर सस्पेंशन के कारण यात्रा के दौरान झटके भी कम महसूस होंगे।
छठ के माहौल में यादगार बना सफर का आगाज
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के समय छठ के पारंपरिक गीतों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के लिए यह अवसर खास रहा। छठ गीतों के बीच ट्रेन की रवानगी ने यात्रियों में उत्साह भर दिया।