सड़क, सीवर, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट की समस्या की शिकायत के लिए अब महानगर के लोगों को नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
महानगर के रेजीडेंट्स घर बैठे निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत कर सकेंगे। नगर निगम एक दिसंबर से हाईटेक कंट्रोल रूम की शुरुआत करेगा। 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों का निर्धारित समय पर समाधान होगा। समस्या का निस्तारण कराकर अधिकारी शिकायतकर्ता को सूचना देंगे।
नगर निगम ने कंट्रोल रूम का ट्रायल शुरू कर दिया है। निगम में पहली बार ऐसा कंट्रोल रूम बनाया गया है जो 24 घंटे काम करेगा। कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराने के लिए दो लैंडलाइन फोन भी रहेंगे।
नगर निगम जल्द ही इनके नंबर जारी करेगा। इसके अलावा वेबसाइट www.ghaziabadnagarnigam.com पर लाग इन कर ऑप्शन में जाकर शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
महानगर के लोग सीधे www.gnnpgrs.in पर लॉग इन करके भी शिकायत कर सकेंगे। 24 घंटे खुले रहने वाले कंट्रोल रूम पर तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
ऐसे करेगा काम
शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित अधिकारी के मोबाइल पर मैसेज पहुंच जाएगा। शिकायतकर्ता के पास भी संबंधित अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर पहुंच जाएगा। उसे यह भी बताया जाएगा कि शिकायत का समाधान कितने दिन में होगा। समस्या का समाधान होने के बाद भी शिकायतकर्ता के मोबाइल पर सूचना दी जाएगी।