राजधानी दिल्ली के ख्याला इलाके में कोरोना महामारी का झाड़ फूंक से इलाज संभव होने की अफवाह फैला रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रघुवीर नगर निवासी विकास कुमार (31) और नितेश कुमार (21) के रूप में हुई।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके सहयोगियों की तलाश में जुटी है। ख्याला थाना में तैनात हवलदार संदीप सिपाही शैलेश के साथ सोमवार सुबह इलाके में गश्त कर रहा था। 912 बस स्टैंड के पास काफी लोगों की भीड़ लगी थी।
किसी ने पुलिसकर्मियों को बताया कि कुछ लोग झाड़ फूंक से कोरोना ठीक करने की अफवाह फैला रहे हैं। दोनों पुलिसकर्मियों को आते देख सभी लोग वहां से भागने लगे।
पुलिसकर्मियों ने दो लोगों को पकड़ा। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि कोरोना कोई खास बीमारी नहीं है। यह झाड़ फूंक से ठीक हो जाती है। सरकार ने बेवजह आम जनता को परेशान करने के लिए लॉकडाउन कर रखा है।